भुवनेश्वर : ओडिशा में यौन उत्पीड़न की शिकार छात्रा की मौत को लेकर विपक्ष ने गुरुवार को ओडिशा बंद बुलाया। प्रदर्शनकारियों ने भद्रक में ट्रेन को रोक दिया। भुवनेश्वर में बसों का चक्काजाम किया। यात्रियों को पैदल ही घर जाना पड़ा।
चेन्नै-कोलकाता हाईवे पर टायर जलाये गये
भद्रक जिले के चेन्नै-कोलकाता हाईवे पर टायर जलाये गये। जिसके चलते ट्रकों की लंबी कतार लग गयी। वहीं आसपास की कई दुकानों को बंद रखा गया। मार्केट में सन्नाटा रहा। मयूरभंज में भी लोग सड़क पर प्रदर्शन करने उतरे।
14 जुलाई को छात्रा ने दम तोड़ दिया था
कांग्रेस सहित 8 विपक्षी पार्टियां इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। इनमें बीजू जनता दल, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (एसयूसीआई) के नेता-कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में नजर आये। ओडिशा के बालासोर में फकीर मोहन ऑटोनॉमस कॉलेज में छात्रा ने उत्पीड़न से तंग आकर 12 जुलाई को खुद को आग लगा ली थी। उसे एम्स ले जाया गया जहां 14 जुलाई को 20 साल की छात्रा ने दम तोड़ दिया।
यौन शोषण करने के आरोप में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार
इस बीच ओडिशा के संबलपुर में एक सरकारी विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर को 20 वर्षीय छात्रा का यौन शोषण करने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर संबलपुर महिला थाने ने मामला दर्ज किया तथा अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के अनुसार सहायक प्रोफेसर ने शादी का वादा कर अपने आधिकारिक आवास पर छात्रा का यौन शोषण किया लेकिन बाद में विवाह से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।