

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि अब बंगाल में दिल खोलकर जय श्री राम बोलिए, अब कोई दिक्कत नहीं है। अब बंगाल में राष्ट्रवादी सरकार है। पश्चिम बंगाल को स्वामी विवेकानंद और श्री रामकृष्ण की आध्यात्मिक भूमि बताते हुए सीएम ने कहा, ‘‘राज्य और कोलकाता, दोनों ही एक जैसी सनातनी संस्कृति से प्रभावित हैं।’’ उन्होंने ‘‘अपनी सनातन परंपरा’’ को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा,‘‘डर को दूर करें और राम का नाम जपें।’’नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘राम कथा अपने-अपने राम’ कार्यक्रम के दौरान सीएम ने अपना वक्तव्य जय श्री राम से शुरू किया।उन्होंने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और मौजूदा भाजपा सरकार के चार महीने के कामकाज का जिक्र किया। शुक्रवार को नेताजी इनडोर स्टेडियम में राम कथा ‘‘अपने अपने राम’’ कार्यक्रम में सीएम युग कवि डॉ. कुमार विश्वास से मिले।
इमाम और मुअज्जिन भत्ता बंद
सीएम ने यहां से वर्तमान सरकार द्वारा चार महीनों के दौरान किए कार्यों का उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार ने कंटीले तारों की बाड़ लगाने के लिए सीमावर्ती इलाके की 1,024.75 एकड़ जमीन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंपी है, ताकि बांग्लादेश से अवैध रूप से आने वाले लोगों को रोका जा सके क्योंकि ये लोग देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा हैं। सीमा सुरक्षा बलों की जरूरत के हिसाब से लगभग 90 % जमीन का इंतजाम कर लिया गया है, क्योंकि यह सरकार देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है, न कि देश-विरोधी ताकतों को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा,‘‘ आस-पास कुछ ''कचरा'' था, लेकिन देश की सुरक्षा और हिफाजत के लिए राज्य में अब एक ‘राष्ट्रवादी’ सरकार आ गई है।’’ तृणमूल पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ‘‘हम समान नागरिक संहिता ला रहे हैं। हमने इमाम और मुअज्जिन भत्ता बंद कर दिया है।’’
धर्मांतरण रोकने के लिए कानून लाएंगे
सीएम ने कहा कि हम धर्मांतरण को रोकने के लिए कानून ला रहे हैं। सरकार ने गायों की सुरक्षा के लिए गोवध नियंत्रण अधिनियम 1950 लागू किया है। उन्होंने वामदलों पर राज्य में 34 साल तक कुशासन चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय जैसे परिसर में ‘‘राष्ट्र-विरोधी ताकतों’’ को खुली छूट मिली हुई थी। उन्होंने कहा कि जो लोग जादवपुर विश्वविद्यालय की दीवारों पर नारे लिखेंगे या नारेबाजी करेंगे, सरकार उन्हें सबक सिखायेगी। सीएम ने कहा, ‘‘22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर बना तथा करोड़ों हिंदुओं का सपना पूरा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि लेकिन उस दिन यहां ‘हिंदुओं के खिलाफ’ किसी ने राम मंदिर निर्माण के विरोध में रैली निकाली थी। तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी पर हिंदू-विरोधी होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘उन्हें भवानीपुर की जनता ने हरा दिया।’’