अब हुगली में विश्व इज्तेमा की तैयारियां

नवान्न में मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक
File Photo
File Photo
Published on: 

कोलकाता : कुछ दिन पहले ब्रिगेड में पांच लाख लोगों के सामूहिक गीता पाठ के बाद अब राज्य में एक और विशाल धार्मिक आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। हुगली जिले के दादपुर क्षेत्र के पुइनान–पांडुआ में आगामी वर्ष की शुरुआत में मुस्लिम समुदाय का विश्व इज्तेमा आयोजित होने जा रहा है। यह धार्मिक समागम 2 से 5 जनवरी तक चलेगा।

आयोजकों के अनुसार, देश-विदेश से लगभग 18 से 20 लाख लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना है। इज्तेमा की तैयारियों को लेकर सोमवार को नवान्न सभागार में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मंत्री फिरहाद हकीम, जावेद खान, सिद्दीकुल्ला चौधुरी, अरूप विश्वास के अलावा कई इमाम और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

नवान्न सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निर्बाध ढंग से संपन्न होना चाहिए। भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश हुगली जिला प्रशासन को दिए गए हैं। पर्याप्त स्वयंसेवक और प्रशासनिक निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए और आगंतुकों की सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। चुनावी वर्ष को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए अग्रिम कदम उठाने को कहा गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News