

कोलकाता : हालीशहर के बाद मंगलवार को श्यामबाजार में भी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर लौट रहीं ममता के काफिले के सामने कथित भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। घटना को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बन गयी। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
दरअसल, क्रांतिकारी खुदीराम बोस की पुण्यतिथि पर मंगलवार को सरकारी स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किये गये थे। वहीं, नेताजी के कथित अपमान के विरोध में कालीघाट तृणमूल की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी के तहत ममता बनर्जी पार्टी समर्थकों के साथ श्यामबाजार पहुंचीं और नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान ममता ने भाजपा नेताओं द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर की गयी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश के लिए जीवन न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान स्वीकार नहीं किया जायेगा। नेताजी, खुदीराम बोस और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों का संघर्ष देश कभी नहीं भूल सकता।
कार्यक्रम के बाद लौटते समय कुछ भाजपा समर्थक सड़क पर बैठ गये और ‘चोर है, चोर है, ममता बनर्जी चोर है’ के नारे लगाने लगे। भाजपा समर्थकों का कहना था कि उन्होंने श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कोई बाधा नहीं डाली, लेकिन लौटते समय “चोर को चोर कहा”।
गौरतलब है कि रविवार को हालीशहर में भी ममता के खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगे थे और उनके काफिले पर कीचड़ व चप्पल फेंकने की घटना हुई थी। दो दिनों के भीतर ऐसी दूसरी घटना से बंगाल का राजनीतिक पारा चढ़ गया है।