निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, धर्मतला का ऐतिहासिक 'L-20 बस स्टैंड' अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। ईस्ट-वेस्ट मेट्रो के एस्प्लेनेड स्टेशन के निर्माण कार्य को गति देने के लिए इस स्टैंड को स्थानांतरित कर दिया गया है। अब यात्रियों को बस पकड़ने के लिए पुराने स्टैंड की बजाय सड़क के दूसरी ओर स्थित 'धर्मतला सरकारी बस स्टैंड' पर जाना होगा। प्रशासन के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में SBSTC और NBSTC की लगभग 200 बसें इसी नए टर्मिनल से संचालित होंगी।
यह नया बस स्टैंड लगभग 4,000 वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। यात्रियों की सुविधा के लिए यहाँ एसी काउंटर, वेटिंग रूम, फूड कोर्ट, आधुनिक शौचालय और शेड जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। दरअसल, धर्मतला का यह क्षेत्र न्यू गरिया-दक्षिणेस्वर, हावड़ा मैदान-सेक्टर फाइव और जोका-एस्प्लेनेड मेट्रो कॉरिडोर का जंक्शन बनने जा रहा है। यहाँ एक भव्य तीन मंजिला अंडरग्राउंड स्टेशन का निर्माण होना है, जहाँ यात्री आसानी से एक रूट से दूसरे रूट की मेट्रो बदल सकेंगे। इसी बड़े प्रोजेक्ट के कारण न केवल बस स्टैंड, बल्कि प्रसिद्ध विधान मार्केट को भी पास ही रानी रासमणि एवेन्यू के पास एक नई दो मंजिला इमारत में शिफ्ट किया जा रहा है।
रहेगी 'इमरजेंसी एग्जिट' की व्यवस्था
सुरक्षा कारणों से, रानी रासमणि रोड पर होने वाली रैलियों और सभाओं को ध्यान में रखते हुए, पुलिस के निर्देश पर स्टैंड में एक 'इमरजेंसी एग्जिट' (आपातकालीन निकास) भी बनाया गया है ताकि भीड़भाड़ के समय बसों का परिचालन बाधित न हो।