बड़ी चूक: अमेरिका के 3 फाइटर जेट गलती से मार गिराए गए

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को देश में कई अमेरिकी युद्धक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए, लेकिन सभी पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए।
कुवैत में आग लगने के बाद गिरता हुआ फाइटर जेट।
कुवैत में आग लगने के बाद गिरता हुआ फाइटर जेट।
Published on

दुबईः कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को देश में कई अमेरिकी युद्धक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए, लेकिन सभी पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए। मंत्रालय ने दुर्घटनाओं के कारणों के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया, लेकिन कहा कि ये दुर्घटनाएं ईरान द्वारा कुवैत को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों के दौरान हुईं, लेकिन बाद में इस संबंध में अमेरिका का भी बयान आया।

अमेरिकी सेना ने सोमवार को कहा कि ईरान की ओर से किए गए हमले के दौरान कुवैत ने तीन अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल विमानों को 'गलती से मार गिराया'। अमेरिकी सेना के केंद्रीय कमान ने कहा कि इस लड़ाई में ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों के हमले शामिल थे। उसने कहा, ‘‘कुवैती वायु रक्षा प्रणाली ने गलती से अमेरिकी वायु सेना के लड़ाकू विमानों को मार गिराया। चालक दल के सभी छह सदस्य सुरक्षित रूप से कूद गए, उन्हें बचा लिया गया है और उनकी हालत स्थिर है। कुवैत ने इस गलती को स्वीकार कर लिया है, और हम कुवैती रक्षा बलों के प्रयासों और इस अभियान में समर्थन के लिए उनके आभारी हैं।’’

कुवैत के रक्षा मंत्रालय के अनुसार पायलटों को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत स्थिर है। पहले यह माना गया था कि ईरान के हमले के दौरान अमेरिका के एफ 15 समेत अन्य लड़ाकू विमान गिरे हैं। एक फाइटर जेट को एक टावर के ऊपर लड़खड़ाकर गिरने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है।

सोमवार तड़के कुवैत में भी तेज धमाके और सायरन सुनाई दिए। रॉयटर्स के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने अमेरिकी दूतावास के पास धुआं उठते देखा। दूतावास को निशाना बनाकर ईरान द्वारा हमला किया गया था। सरकारी कुवैत समाचार एजेंसी ने नागरिक सुरक्षा प्रमुख के हवाले से बताया कि रुमैथिया और सलवा इलाकों के पास अधिकांश ड्रोन हमलों को वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in