

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर/बारासात : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के लिए उत्तर 24 परगना जिला पूरी तरह तैयार है। बारासात, बनगांव, बैरकपुर, विधाननगर व बशीरहाट महकमा के तहत सभी 33 विधानसभा क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर 24 परगना में कुल मतदाताओं की संख्या 71,12,102 है। इसमें 36,22,800 पुरुष मतदाता, 34,89,110 महिला मतदाता और 192 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए पूरे जिले में 8,869 मुख्य बूथ और 197 सहायक बूथ बनाए गए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, केंद्रीय बलों की कर दी गयी तैनाती
सुरक्षा के लिहाज से जिले को चार पुलिस जिलों में बांटा गया है। बैरकपुर में सर्वाधिक 2,928 बूथ हैं, जहां 160 कंपनी केंद्रीय बल और 3,242 राज्य पुलिस कर्मी तैनात हैं। बारासात पुलिस जिले के 1,978 बूथों पर 112 कंपनी केंद्रीय बल और 2,056 राज्य पुलिस की तैनाती की गई है। बनगांव में 1,028 बूथों के लिए 62 कंपनी केंद्रीय बल और 1,152 राज्य पुलिस बल मौजूद है, जबकि धाननगर के 883 बूथों पर 50 कंपनी केंद्रीय बल और 1,328 राज्य पुलिस के जवान सुरक्षा की कमान संभालेंगे। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और मोबाइल पेट्रोलिंग यूनिट को सक्रिय कर दिया है। एक मेगा कंट्रोल रूम बनाया गया है जहां से पूरे जिले की स्थिति पर लाइव नजर रखी जाएगी। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें कुछ बूथों को ट्रेनों के डिब्बों की तरह सजाया गया है ताकि मतदान का अनुभव सुखद हो सके।
बैरकपुर अंचल के विधानसभा क्षेत्रों में हजारों मतदाताओं की संख्या घटी
मतदाता सूची के विश्लेषण से पता चलता है कि कई क्षेत्रों में 2021 की तुलना में मतदाताओं की संख्या में बदलाव आया है। बीजपुर में इस बार कुल 1,61,775 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जहां 23,708 नाम हटाए गए हैं। नैहाटी में वर्तमान मतदाता 1,80,430 हैं। यहां 8,123 नाम कटे हैं। भाटपाड़ा में 1,23,643 मतदाता बचे हैं, यहाँ 25,727 नाम सूची से बाहर हुए हैं। जगदल में वर्तमान में 2,10,806 मतदाता हैं और 11,246 नाम हटाए गए हैं। नोआपाड़ा में मतदाताओं की संख्या 2,22,016 है, जहां 30,424 नाम कटे हैं। बैरकपुर में 34,833 नाम हटाए जाने के बाद अब 1,73,086 मतदाता हैं जो वोट डालेंगे। पानीहाटी में 1,97,141 मतदाता हैं और 33,779 नाम कटे हैं। कमरहट्टी में वर्तमान में 1,68,494 मतदाता हैं और 20,531 नाम हटाए गए हैं। वहीं बरानगर में 1,88,773 मतदाता हैं, जहां 29,147 नाम सूची से बाहर किए गए हैं।