

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात/उत्तर 24 परगना: आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए उत्तर 24 परगনা जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी शिल्पा गौरीसारिया ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा, बूथ जाम या मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई सरकारी कर्मचारी, सार्वजनिक उपक्रम या स्वायत्त संस्था का कर्मी चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ FIR भी दर्ज की जाएगी।
चुनाव आयोग ने इस बार मतदाताओं की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। जिन हाउसिंग सोसायटियों में 300 से अधिक मतदाता हैं, वहां परिसर के भीतर ही मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। इस योजना के तहत जिले के विभिन्न आवासनों में 14 बूथ चिन्हित किए गए हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि इससे शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ेगा।
चुनाव को समावेशी बनाने के लिए जिले की 33 विधानसभा सीटों में से प्रत्येक में दो मॉडल बूथ तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जिले भर में 1,126 महिला संचालित बूथ बनाए गए हैं।
कुल बूथ: 8,726
ऑक्सिलरी (सहायक) बूथ: 197
महिला बूथ: 1,126
हाउसिंग सोसाइटी बूथ: 14
सुरक्षा: संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त निगरानी और प्रत्येक बूथ पर 4 मतदान कर्मी तैनात रहेंगे।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि चुनाव पूरी तरह से हिंसा मुक्त होगा और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संवेदनशील बूथों की सूची जल्द ही साझा की जाएगी।