निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के सांकराइल ब्लॉक अंतर्गत थानामाकुआ ग्राम पंचायत के प्रधान के खिलाफ पंचायत सदस्यों के एक बड़े वर्ग ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। 22 सदस्यीय पंचायत में 11 सदस्यों ने लिखित रूप से प्रस्ताव का समर्थन किया है, जिससे पंचायत बोर्ड में बदलाव की संभावना तेज हो गई है। अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों के दौरान विभिन्न सरकारी परियोजनाओं के ठेके प्रधान के करीबी लोगों को दिए गए। साथ ही स्थानीय छोटे उद्योगों, प्रमोटरों तथा जमीन-मकान से जुड़े लेनदेन में कटमनी और वसूली के आरोप भी लगाए गए हैं। सदस्यों का दावा है कि इन कारणों से क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।
भ्रष्टाचार और अनियमितता के गंभीर आरोप
सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि एक स्थानीय प्रमोटर से पांच लाख रुपये की मांग की गई थी और रकम नहीं देने पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। इस मामले में सांकराइल थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि ग्राम पंचायत प्रधान अबु मंडल ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें अभी तक आधिकारिक रूप से अविश्वास प्रस्ताव की सूचना नहीं मिली है। उनका कहना है कि वह किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार या अवैध वसूली में शामिल नहीं हैं और सभी सदस्यों के साथ बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। वहीं जिला प्रशासन ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन प्राप्त हो चुका है और नियमानुसार उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।