NMMSE 2026 आवेदन: आय प्रमाण-पत्र को लेकर बड़ा निर्देश

20 दिसंबर को होगी NMMSE 2026 की मुख्य परीक्षा
NMMSE 2026 आवेदन: आय प्रमाण-पत्र को लेकर बड़ा निर्देश
Published on

आय प्रमाण-पत्र की बाधा दूर करने में जुटा शिक्षा विभाग

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा निदेशालय ने कोलकाता नगर निगम के स्पेशल म्युनिसिपल कमिश्नर को पत्र लिखकर नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप (NMMSE) 2026 के लिए आवेदन करने वाले जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों को समय पर आय प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। यह छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना के तहत पात्रता की शर्त यह है कि आवेदक के माता-पिता या अभिभावक की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसके लिए नगर निगम के कमिश्नर, सेक्रेटरी या म्युनिसिपैलिटी के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अथवा किसी ग्रुप-ए ऑफिसर द्वारा जारी वैध आय प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य होता है। निदेशालय के संज्ञान में यह बात आई थी कि पिछले वर्षों में कई विद्यार्थियों को निर्धारित समयावधि के भीतर यह प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, जिसके कारण उनकी उम्मीदवारी प्रभावित हुई थी।

समय सीमा और अधिकारियों को विशेष निर्देश

परीक्षा के लिए ऑनलाइन पोर्टल 28 जुलाई को खोल दिया गया था और आवेदन स्वीकार करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित की गई है, जबकि मुख्य परीक्षा आगामी 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए शिक्षा आयुक्त ने नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें ताकि छात्रों को बिना किसी बाधा के समय पर दस्तावेज मिल सकें। इसके अलावा, कोलकाता जिले के डीआई/एस (एसई) को भी इस प्रक्रिया पर नजर रखने और निगम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in