

नयी दिल्ली : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो जाएगा।
नीतीश कुमार बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचे, जहां जनता दल (यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा सहित पार्टी के कई नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए दिल्ली आए हैं।
उन्हें राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन के कक्ष में उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई जाएगी। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और कुछ दिनों के भीतर बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, 14 अप्रैल को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लिया जा सकता है। बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राज्य में राजग सरकार ही बनेगी और नीतीश कुमार द्वारा स्थापित ‘नीतीश मॉडल’ को आगे बढ़ाया जाएगा।
नीतीश कुमार पहले ही बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं और उन्हें 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित किया गया था।