चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर नवीन ने विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री के कामकाज की सराहना की
Nitin Nabin Slams Opposition For Questioning Election Commission In Panihati
पानीहाटी में संवाददाताओं को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन. साथ हैं सीएम शुभेंदु अधिकारी, मंत्री ​अग्निमित्रा पॉल, लॉकेट चटर्जी
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को उत्तर 24 परगना के पानीहाटी स्थित सोदपुर लोक संस्कृति भवन में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर निशाना साधा। नितिन नवीन ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा विरोधी दलों को जीत मिली, वहां उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाए, लेकिन जहां भाजपा को सफलता मिली, वहां विपक्ष अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें अपनी चुनावी पराजय से सीख लेनी चाहिए। नवीन के अनुसार, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति लोगों के भरोसे पर असर पड़ता है।

पानीहाटी में कार्यकर्ताओं से की बात

उन्होंने विपक्षी दलों से चुनावी नतीजों की समीक्षा करने की बात कही। दूसरी ओर नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और जनसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। कार्यक्रम में नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत राज्य के कई मंत्री, विधायक और अन्य नेता मौजूद रहे। नवीन के बंगाल दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों के साथ सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पानीहाटी में कार्यक्रम के बाद उनका युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का भी कार्यक्रम था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in