निमता में गोलीबारी के आरोप में मुख्य अभियुक्त समेत 2 गिरफ्तार

जुए के अड्डे के विरोध पर हुई थी फायरिंग!
: Nimta Firing Case: Main Accused Saikat Chandra Arrested; 14 Gamblers Detained in Khardah
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

निमता : उत्तर 24 परगना जिले के निमता थाना अंतर्गत पाटना विवेकानंद पल्ली इलाके में जुए और सट्टे के अवैध कारोबार को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। मारपीट से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते गोलीबारी में तब्दील हो गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस इलाके के कई घरों में लंबे समय से सट्टे का अवैध धंधा संचालित हो रहा था। हाल ही में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद यह कारोबार कुछ समय के लिए बंद था, लेकिन इसे दोबारा शुरू किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया। विरोध से बौखलाए समाजविरोधी तत्वों ने तीखी बहस के बाद वहां ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस की देर रात छापेमारी, खड़दह से भी 14 सटोरिये दबोचे गए

घटना की लिखित शिकायत निमता थाने में दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाकर मामले के मुख्य आरोपी सैकत चंद्र उर्फ टिंकू सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके। इसी कड़ी में कानून-व्यवस्था को सख्त रखते हुए खड़दह थाने की पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाई। पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न जुए के अड्डों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर 14 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28 हजार 350 रुपये नकद और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ भी बरामद किया है। प्रशासन के इस कड़े रुख से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in