भारत, यूरोपीय संघ के बीच आज से एफटीए वार्ता का अगला दौर

जाने क्या है पूरा मामला
भारत, यूरोपीय संघ के बीच आज से एफटीए वार्ता का अगला दौर
Published on: 

नई दिल्ली : भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के मुख्य वार्ताकार सोमवार से यहां प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर अगले दौर की वार्ता शुरू करेंगे। एक अधिकारी ने कहा कि इस कवायद का मकसद समझौते के पहले चरण को जल्द से जल्द पूरा करना है। दोनों पक्ष अनिश्चित वैश्विक व्यापार वातावरण, विशेष रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क कार्रवाई के कारण समझौते को दो चरणों में पूरा करने पर सहमत हुए हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘ईयू का दल 11वें दौर की वार्ता के लिए यहां आएगा। वार्ता 16 मई तक जारी रहेगी।’ जिन मुद्दों पर आम राय है, उन्हें समझौते के पहले भाग में शामिल किया जाएगा। दोनों पक्ष इस साल के अंत तक दूसरे भाग को पूरा करने का लक्ष्य बना रहे हैं। पिछले (10वें) दौर की वार्ता में वस्तुओं, सेवाओं, निवेश और सरकारी खरीद में बाजार पहुंच प्रस्तावों जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया था। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ भी दो चरणों में व्यापार समझौतों पर बातचीत की थी। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने पिछले महीने कहा था कि अगर कुछ मुद्दे व्यापार वार्ता के लिए बहुत महत्वपूर्ण नहीं हैं और ज्यादा समय ले रहे हैं, तो बेहतर है कि उनकी जगह मुख्य व्यापार मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News