नवजात की मौत के बाद अस्पताल में भारी हंगामा

डॉक्टर को बिना सूचना दिए नर्सों ने कराया प्रसव
Newborn dies as nurses perform delivery without doctor; Family protests.
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हिंगलगंज: उत्तर 24 परगना के हिंगलगंज स्थित सांडेलबिल ग्रामीण अस्पताल में चिकित्सा लापरवाही का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। प्रसूति के परिवार ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी पर तैनात नर्सों ने डॉक्टर को सूचित किए बिना खुद ही प्रसव कराया, जिसके कारण नवजात की मौत हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी नर्सों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

क्या है पूरा मामला?

साहेबखली निवासी रिया मंडल को गुरुवार रात करीब 1:00 बजे प्रसव पीड़ा के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि रात 3:00 बजे जब प्रसव का समय आया, तो नर्सों ने बार-बार कहने के बावजूद डॉक्टर को नहीं बुलाया। रिया के पति शुभदीप मंडल ने बताया, "वरिष्ठ नर्स सो रही थीं और एक जूनियर नर्स ने अकेले ही प्रसव प्रक्रिया शुरू कर दी। डॉक्टर को खबर तक नहीं दी गई, जिसके चलते मेरे बच्चे की जान चली गई।"

नर्स ने स्वीकार की गलती !

मामले के तूल पकड़ने पर अस्पताल की एक नर्स सुष्मिता गड़िया ने सार्वजनिक रूप से गलती स्वीकार की है। उन्होंने कहा, "जब मरीज को भर्ती किया गया, तब मेरी साथी नर्स ने जल्दबाजी में डॉक्टर को जानकारी नहीं दी। बाद में जब मैंने डॉक्टर को बुलाया और वे आए, तब तक बच्चा मृत पाया गया। हम इस बड़ी चूक के लिए क्षमाप्रार्थी हैं और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।" हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि नर्सों की इस लापरवाही ने एक मां की गोद उजाड़ दी है और वे उनके तबादले व सजा पर अड़े हुए हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in