

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए शहरी विकास तथा नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कई अहम कदमों की घोषणा की थी। अब यह नई व्यवस्था 1 सितंबर से लागू होने जा रही है। शुरुआती चरण में इसे कोलकाता के साथ हावड़ा और बिधाननगर नगर क्षेत्रों में लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत रात के समय सड़कों पर वाहन खड़ा करने पर नाइट पार्किंग चार्ज लिया जाएगा। इसके अलावा, नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों के बाहर कार या मोटरसाइकिल खड़ी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कल से ही सड़क पर कूड़ा फेंकने और थूकने पर जुर्माना और प्लास्टिक के विकल्प के तौर पर बाजारों में कैरी बैग वेंडिंग मशीन शुरू करने की तैयारी है।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि शहर में पार्किंग और नो-पार्किंग जोन की पहचान की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अवैध तरीके से वाहन पार्क न करने और फुटपाथ पर मोटरसाइकिल खड़ी नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक पार्किंग ऐप शुरू किया जाएगा, जिसकी मदद से वाहन चालक शहर में उपलब्ध पार्किंग स्लॉट की जानकारी हासिल कर सकेंगे। मंत्री के मुताबिक, सीएम जल्द ही इस ऐप को लॉन्च करेंगे।
सरकारी तौर पर पार्किंग की व्यवस्था होगी
किन इलाकों में सरकारी तौर पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। व्यस्त समय में कितनी पार्किंग क्षमता जरूरी होगी और किन क्षेत्रों में पार्किंग की मांग सबसे अधिक है। इन निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों के बाहर कार या मोटरसाइकिल खड़ी करने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि, जुर्माने की सटीक राशि और प्रत्येक पार्किंग स्थल पर कितने वाहनों को खड़ा करने की अनुमति होगी, इसकी जानकारी जल्द जारी की जाएगी। अग्निमित्रा पाल ने सॉल्टलेक को लेकर कहा कि कई लोगों के पास अपनी पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद वे सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसा नहीं करने और सड़क को अवरुद्ध नहीं करने की अपील की।
प्लास्टिक के विकल्प के लिए वेंडिंग मशीन
नई व्यवस्था के तहत बाजारों में प्लास्टिक कैरी बैग के विकल्प उपलब्ध कराने के लिए वेंडिंग मशीनें लगाने की भी योजना है। इसका उद्देश्य प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करना और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है।