बंगाल में शुक्रवार को बनेगा नया लो प्रेशर, 5 दिन का अलर्ट

नए सिस्टम से बंगाल में बढ़ेगी बारिश
बंगाल में शुक्रवार को बनेगा नया लो प्रेशर, 5 दिन का अलर्ट
Published on

दार्जिलिंग समेत 5 जिलों में होगी भारी बारिश

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे आंध्र प्रदेश-ओडिशा तटों के पास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस मौसमी सिस्टम और सक्रिय मॉनसून ट्रफ के प्रभाव के कारण पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। अलीपुर मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मंगलवार को भी शहर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। इसके अलावा गुरुवार तक पूर्व बर्दवान, हुगली, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिमी मिदनापुर तथा दक्षिण 24 परगना जिलों में मूसलधार बारिश होने की पूरी उम्मीद है, जबकि दक्षिण बंगाल के अन्य हिस्सों में गरज के साथ छींटे पड़ने और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।

उत्तर बंगाल में मॉनसून रहेगा पूरी तरह सक्रिय

दक्षिण बंगाल के अलावा उप-हिमालयी उत्तरी जिलों में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। अनुकूल मौसमी हवाओं के चलते अगले 5 दिनों तक दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में झमाझम पानी बरसा है, जिसमें पूर्व मिदनापुर के दुर्गाचक में सबसे अधिक 90 मिमी, जलपाईगुड़ी के कुर्ती चाय बागान में 70 मिमी और अलीपुरदुआर के पटकापाड़ा में 50 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in