पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की संभालेंगी नेपाल की कमान!

जेन-जी ने जतायी सहमत! सेना ने पूरे देश का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया, कर्फ्यू लागू, तीसरे दिन भी जारी रही हिंसा
justice_shushila_karki
जस्टिस सुशीला कार्की
Published on

काठमांडू : ‘नेतृत्व विहीन’ नेपाल में पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को देश की अंतरिम नेता नियुक्त किया गया है। नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश कार्की से उम्मीद की जा रही है कि वे नये चुनाव होने तक मौजूदा संकट से उबरने के लिए देश का नेतृत्व करेंगी। बताया जाता है ‘जेन-जी आंदोन’ के सदस्यों की एक वर्चुअल मीटिंग में कार्की के नाम पर मोहर लगी है। इस बीच नेपाल की सेना ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण के पी शर्मा ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद मंगलवार रात 10 बजे से पूरे देश का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और बुधवार को विरोध प्रदर्शन की आड़ में संभावित हिंसा को रोकने के लिए देशव्यापी प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिये और कर्फ्यू लगा दिया हालांकि इसके बाद भी कई इलाकों में हिंसा जारी है।

1-1-10091-ap09_10_2025_000277b.
तबाह किये जा चुके भवन का हाल देखते नेपाली सैनिक

प्रचंड की बेटी के खाक हो चुके घर से शव बरामद, 27 उपद्रवी गिरफ्तार

प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार शाम को सुप्रीम कोर्ट में आग लगा दी थी, जिसके चलते 25 हजार से ज्यादा केस फाइलें राख में बदल गयीं। वहीं आंदोलन के तीसरे दिन बुधवार को सेना ने 27 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 33.7 लाख रुपये नकद भी बरामद किये हैं। इसके अलावा 23 बंदूकें, मैगजीन और गोलियों सहित 31 अलग-अलग तरह के हथियार भी जब्त किये गये हैं।

1-1-10091-pti09_10_2025_000256b
सत्ता हुई लाचारAbhishek Maharjan

30 लोगों की मौत, 700 से ज्यादा घायल

ओली इस्तीफा देने के बाद काठमांडू छोड़ चुके है। यहां हिंसक प्रदर्शन में अब तक 30 लोगों की मौत हुई जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हैं। बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री तथा सीपीएन अध्यक्ष पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ की बेटी गंगा दाहाल के जले हुए घर से एक शव बरामद किया गया। हालांकि कर्फ्यू के बाद राजधानी काठमांडू में सन्नाटा पसरा रहा। इससे एक दिन पहले प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, राष्ट्रपति कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास, सरकारी भवनों, उच्चतम न्यायालय, राजनीतिक दलों के कार्यालयों और वरिष्ठ नेताओं के घरों में आग लगा दी थी।

1-1-10091-pti09_10_2025_000251b
सरकारी संपत्तियां चढ़ी आगजनी की भेंटAbhishek Maharjan

त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बंद

काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (टीआईए) बुधवार को बंद कर दिया गया और अगली सूचना तक बंद रहेगा। मंगलवार को हुए विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं आंशिक रूप से निलंबित कर दी गयी थीं। हवाईअड्डे को बंद करने का असर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर पड़ा है, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गये हैं। एअरलाइनों ने यात्रियों को सलाह दी गयी है कि वे ताजा जानकारी के लिए अपनी-अपनी कंपनियों के संपर्क में रहें।

नेपाल में हैं 7 लाख से ज्यादा भारतीय, मदद की लगा रहे गुहार

भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार नेपाल में प्रवासी भारतीयों की आबादी लगभग 7 लाख है। इसके अलावा सीमा से लगने वाले भारतीय राज्यों के लोग बड़े पैमाने पर घूमने भी नेपाल जाते हैं। विदेश मंत्रालय ने नेपाल में मौजूद भारतीय लोगों के लिए मंगलवार को एडवाइजरी जारी की वे स्थिति स्थिर होने तक नेपाल की यात्रा टाल दें।

सीमा पर आवाजाही पर कड़ी नजर

हालांकि दोनों देशों के बीच नागरिकों और सामानों की बड़े पैमाने पर अप्रतिबंधित आवाजाही की अनुमति है और इसे 1950 की शांति और मैत्री संधि द्वारा औपचारिक रूप से लागू किया गया था लेकिन हाई अलर्ट के बीच सीमा पर आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बीएसएफ नेपाली नागरिकों को भारत में प्रवेश नहीं करने दे रहा है लेकिन नेपाल में रह रहे भारतीय नागरिकों को वापस भारत आने की अनुमति है। इसी तरह नेपाल भी भारतीय नागरिकों को नेपाल में प्रवेश की अनुमति नहीं दे रहा है लेकिन भारत में काम करने वाले या यात्रा करने वाले नेपाली नागरिकों को वापस लौटने की अनुमति है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in