

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नेपाल में जारी संकट के बीच पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान में जुटी है। नेपाल में फंसे बंगाल के 39 लोगों में 2 लोगों का पता चला है जबकि 37 लोगों का अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि लापता लोगों की जानकारी जुटाने और उनके परिजनों की सहायता के लिए भवानीभवन और नवान्न में कंट्रोल रूम सक्रिय हैं। सरकार संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है और लापता लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि 39 लापता में से दो लोग रविवार को बंगाल लौट आये हैं बाकी लोगों से अभी तक पुख्ता सम्पर्क नहीं हो पाया है। जानकारी के मुताबिक रविवार को बशीरहाट के रहने वाले अनुकूल पोद्दार और रेवा राय पोद्दार सुरक्षित घर लौट आए।
रविवार तड़के ट्रेन से हावड़ा स्टेशन पहुंचे दंपती को लेने बशीरहाट थाने के आईसी के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौजूद थी। पुलिस वाहन से दोनों को उनके घर पहुंचाया गया। इससे पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को भवानी भवन में आयोजित ऑनलाइन बैठक में बचाव अभियान की प्रगति की समीक्षा की। लापता लोगों के परिवारों से भी सीएम ने बात की।