

नई दिल्ली, 21 जून: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 री-एग्जाम आज यानी 21 जून को आयोजित की जा रही है। पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा हो रही इस परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। एजेंसी ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए देशभर में कई स्तरों पर इंतजाम किए हैं।
इस बार NEET UG 2026 री-एग्जाम में देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 5,440 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए बड़े पैमाने पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। NTA के अनुसार, देशभर में 1.38 लाख से अधिक CCTV कैमरों के जरिए परीक्षा केंद्रों की राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर निगरानी की जाएगी।
परीक्षा कक्षों की लाइव फुटेज पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके अलावा AI आधारित निगरानी सिस्टम CCTV फुटेज का विश्लेषण करेगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान तुरंत की जा सके।
परीक्षा की निगरानी के लिए करीब 6,700 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं, जबकि 100 से ज्यादा वर्चुअल ऑब्जर्वर केंद्रीय स्तर से लाइव मॉनिटरिंग करेंगे।
परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से होने वाली किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए देशभर के परीक्षा केंद्रों पर 51,000 से ज्यादा जैमर लगाए गए हैं।
इन जैमर के जरिए परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल नेटवर्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार गतिविधियों को नियंत्रित किया जाएगा, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा बनी रहे।
NEET UG 2026 री-एग्जाम में अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसके लिए करीब 48,000 कर्मचारियों को बायोमेट्रिक सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले जांच के लिए लगभग 38,000 फ्रिस्किंग स्टाफ तैनात किए गए हैं।
परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था में राज्य और जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बल, भारतीय वायु सेना और डाक विभाग समेत कई एजेंसियां शामिल हैं।
NTA के अनुसार, औसतन हर परीक्षा केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए करीब 1,500 कस्टोडियन अधिकारियों को बैंक शाखाओं में तैनात किया गया है।
वहीं, देशभर के कलेक्शन सेंटरों से OMR शीट को सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी डाक विभाग संभालेगा।
NTA ने परीक्षा से पहले देशभर में मॉक ड्रिल भी आयोजित की थी। इसमें CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सिस्टम, फ्रिस्किंग प्रक्रिया और परीक्षा सामग्री की उपलब्धता समेत सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
पेपर लीक विवाद के बाद हो रही इस परीक्षा में NTA किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए हर स्तर पर सतर्क है। एजेंसी का लक्ष्य है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम पूरी पारदर्शिता और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो।