

नयी दिल्ली : आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने बुधवार को कहा कि तकनीकी खामियों के कारण राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-PG)-2026 के कुछ उम्मीदवारों को SMS के जरिये उनके परीक्षा केंद्र के बारे में अनजाने में गलत जानकारी भेज दी गयी थी। बोर्ड ने कहा कि इसके बाद परीक्षा केंद्र संबंधी सही शहर की जानकारी SMS और ईमेल के जरिये भेजी गयी।
चिकित्सा के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 30 अगस्त को नीट-PG 2026 आयोजित की जायेगी। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को भेजे संदेश में कहा कि नीट-PG 2026 के आवेदकों के लिए परीक्षा केंद्र आवंटित करने की जानकारी NBEMS की वेबसाइट पर निर्धारित समय सारिणी के अनुसार दे दी गयी है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे पहले मिले SMS संदेश पर ही सिर्फ भरोसा नहीं करें और NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवंटित परीक्षा केंद्र की पुष्टि जरूर कर लें।