NEET विवाद : पटना में छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल में मिली मृत श्रुति

NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी छात्रा, पुलिस जांच में जुटी; हाल के दिनों में छात्रों के मानसिक दबाव को लेकर बढ़ी चिंता
NEET विवाद : पटना में छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल में मिली मृत श्रुति
Published on: 

पटना : बिहार की राजधानी पटना में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। समस्तीपुर निवासी श्रुति कुमारी का शव मंगलवार को पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित एक छात्रावास के कमरे में मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, श्रुति वर्ष 2024 से पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह सचिवालय कॉलोनी स्थित राधे कृष्ण हॉस्टल में रहती थी। मंगलवार सुबह छात्रावास के कमरे में उसका शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

परिजनों और परिचितों के अनुसार, श्रुति हाल ही में अपने गांव से पटना लौटी थी। उसके दोस्तों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान नजर आ रही थी। पुलिस छात्रा के परिवार और करीबी लोगों से भी बातचीत कर रही है।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब NEET परीक्षा और उससे जुड़े विवादों को लेकर देशभर में चर्चा जारी है। छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े तनाव को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News