

देशभर में NEET UG 2026 की दोबारा से परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में 22 लाख से ज्यादा कैंडिडेट्स शामिल हो रहे हैं। सुबह से परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की भीड़ लगी हुई थी। नीट 2026 परीक्षा की एंट्री के समय कई अलग-अलग चीजें दिखीं। एंट्री में देरी होने के बाद कुछ कैंडिडेट्स गेट फांदते दिखे तो कुछ कैंडिडेट्स चोट लगने के बावजूद केंद्रों पर पहुंचे। कुछ को कड़े वेरिफिकेशन नियमों के कारण एंट्री प्रोसेस में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली सहित हर जगह NEET की परीक्षा को सही से आयोजित करने के लिए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। शहर भर में, खासकर सभी परीक्षा केंद्रों के आस-पास, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और एंट्री पॉइंट्स पर बारीकी से जांच की जा रही है।
नीट के री-एग्जाम के लिए लाखों छात्र अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गये थे और परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। दोपहर 2 बजे से परीक्षा शुरू हुई, जिसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं। परीक्षा 5:15 पर खत्म होगी और इसके बाद छात्रों को रिजल्ट का इंतजार होगा।
परीक्षा के लिए दोपहर 1: 30 बजे परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद सभी अभ्यर्थियों को समय पर अंदर प्रवेश करा दिया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास करीब 200 मीटर के दायरे में लोगों की आवाजाही रोक दी गई और पूरे इलाके को खाली करा लिया गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए धारा 163 लागू कर दी गई, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
कर्नाटक के बेंगलुरु में NEET परीक्षा केंद्र पर कुछ छात्र देर से पहुंचे और गेट से अंदर जाने की कोशिश करते दिखे। सुरक्षा कर्मियों द्वारा प्रवेश नियमों के अनुसार स्थिति को नियंत्रित किया गया और परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रखने का प्रयास किया गया।
एक छात्र के चाचा, आमिर कादरी कहते हैं कि मैं अपने भतीजे के साथ उसकी परीक्षा के लिए यहां आया हूं। परीक्षा केंद्र जाते समय हमारा एक्सीडेंट हो गया और हमें थोड़ी देर हो गई, क्योंकि मेरे भतीजे को प्राथमिक उपचार दिया गया। अब जब हम यहां पहुंच गए हैं, तो हमें अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। अधिकारी कह रहे हैं कि परीक्षा शुरू हो चुकी है और हमें अंदर जाने की इजाज़त देना मुमकिन नहीं है।
राजस्थान के अजमेर जिले में NEET UG 2026 परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं, सुरक्षा के लिए BSF और CRPF के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 300 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सख्त नियम लागू किए हैं।
लखनऊ में परीक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जहां 75 केंद्रों पर 35,594 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। सुरक्षा के लिए 4 ACP, 205 SI, 452 कांस्टेबल और 335 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 150 पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी निगरानी कर रहे हैं।
इस बार NEET परीक्षा में छात्रों को अतिरिक्त समय की सुविधा दी गई है। पेपर लीक की घटनाओं के बाद NTA ने कई बदलाव किए हैं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण 15 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम शामिल है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई है और शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
लाखों NEET छात्र इस समय परीक्षा केंद्रों में बैठकर अपने उज्ज्वल भविष्य की तैयारी में जुटे हुए हैं। सभी का एक ही सपना है कि वे NEET परीक्षा पास कर डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। दूसरी ओर, परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के इतने कड़े इंतजाम किए गए हैं कि किसी भी तरह की अनियमितता की कोई गुंजाइश नहीं है। पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।