

कोलकाता : सुदीप-काकोली समेत तृणमूल कांग्रेस के ‘बागी’ 20 सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जवाब देने के लिए तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। अब वे 22 सितंबर तक अपना जवाब दाखिल कर सकेंगे।
दरअसल, 25 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने 20 सांसदों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने उसी दिन नोटिस भेजकर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा था। हालांकि, सांसदों ने जवाब तैयार करने के लिए तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था।
सांसदों की ओर से कहा गया है कि करीब 20 पन्नों के नोटिस में उठाये गये प्रत्येक बिंदु का अलग-अलग जवाब दिया जाएगा। अभिषेक बनर्जी की ओर से प्रस्तुत आरोपों और दस्तावेजों पर भी क्रमवार स्पष्टीकरण दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद 20 सांसदों ने पार्टी नेतृत्व से दूरी बनाकर एनसीपीआई के साथ जुड़ते हुए भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए का समर्थन किया है। इसके बाद अभिषेक बनर्जी ने इन सभी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की है।