नेशनल हेराल्ड मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित : कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रंगलाल हालदार ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया
नेशनल हेराल्ड मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित : कांग्रेस
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रंगलाल हालदार ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरी तरह से राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित था और इसका उद्देश्य कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम व प्रताड़ित करना था। हालदार ने कहा कि पिछले कई वर्षों से राहुल गांधी और कांग्रेस संसदीय दल की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के माध्यम से परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा मामले में राहत दिए जाने से यह स्पष्ट हो गया है कि यह केस टिकाऊ नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीते दस वर्षों में केंद्र सरकार ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ एजेंसियों का दुरुपयोग कर कई निर्वाचित सरकारों को अस्थिर किया। उन्होंने कहा कि नाम बदलने की राजनीति से जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। मनरेगा का नाम बदले जाने, पोर्ट ब्लेयर का नाम श्री विजयपुरम किए जाने और अन्य स्थानों के नाम बदलने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे न तो बेरोजगारी कम हुई और न ही महंगाई पर कोई असर पड़ा। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष जुबैदा बेगम ने भी प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला एक सोची-समझी साजिश थी, जिसका उद्देश्य गांधी परिवार को बदनाम करना था। उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला इस बात का प्रमाण है कि सत्य की हमेशा जीत होती है। जुबैदा बेगम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार वास्तविक मुद्दों जैसे बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों की बदहाली से ध्यान भटकाने के लिए नाम परिवर्तन और झूठे आरोपों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना का नाम बदलने से न तो रोजगार बढ़ेगा और न ही ग्रामीणों की स्थिति सुधरेगी। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के वास्तविक मुद्दों को उठाती रहेगी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in