राज्य के सरकारी स्कूलों में ‘नमो सेवा गाथा’ होगा शुरू

‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम भी होगा
राज्य के सरकारी स्कूलों में ‘नमो सेवा गाथा’ होगा शुरू
Published on

17 सितंबर से स्कूलों में शुरू होगा खास अभियान

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के लिए एक नया निर्देश जारी किया है। इसके तहत 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान, 2026’ चलाया जाएगा। इस अभियान में ‘नमो सेवा गाथा’ और ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ से जुड़े कार्यक्रम होंगे। सभी जिला अधिकारियों को इसके आदेश भेज दिए गए हैं। इसका मुख्य मकसद बच्चों को देश के विकास से जोड़ना है। यहां यह भी बता दें कि नाम में जो ‘25 करोड़ बच्चों’ लिखा है, वह पश्चिम बंगाल के बच्चों की गिनती नहीं है, बल्कि यह सिर्फ अभियान के नाम का एक हिस्सा है।

‘विकसित भारत 2047’ से जुड़ेंगे बंगाल के विद्यार्थी

शुरुआती चरण में 17 से 22 सितंबर तक विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत 2047’ और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद 23 से 24 सितंबर के बीच भाषण व चित्रांकन प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दौरान स्कूलों में 30 मिनट की ‘नमो सेवा गाथा’ संगीत-नाट्य प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी, जिसमें सार्वजनिक कल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया जाएगा। इस सांस्कृतिक महा अभियान का मुख्य आकर्षण 2 अक्टूबर को होने वाली भव्य प्रस्तुति है। इन आयोजनों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और कलाकारों को आगे चलकर राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह पहल बच्चों में सामाजिक उत्तरदायित्व और देशभक्ति की भावना को गहराई से मजबूत करेगी। इस पूरे निर्देश पर बंगीय शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वप्न मंडल ने सवाल उठाया है। उनका कहना है कि दीप प्रज्ज्वलन जैसी गतिविधियों के बाद अब स्कूलों में प्रधानमंत्री-केंद्रित ‘नमो सेवा गाथा’ जैसी गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है। उनके अनुसार यदि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई से अधिक ऐसे कार्यक्रमों पर ध्यान दिया गया, तो अभिभावकों का भरोसा सरकारी शिक्षा व्यवस्था से कम हो सकता है और इसका लाभ निजी स्कूलों को मिल सकता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in