

सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : चुंचुड़ा नगरपालिका के 8 नंबर वार्ड के कपासडांगा इलाके के निवासी पूर्व सैनिक शशिकांत हालदार (87) का नाम मतदाता सूची से गायब होने से विवाद खड़ा हो गया है। शशिकांत भारतीय सेना के इलेक्ट्रिकल मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ईएमई) विभाग में कार्यरत रहे और 1991 में सेवानिवृत्त हुए। सेवा के दौरान वे उस प्रतिनिधि दल का हिस्सा थे, जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय श्रीलंका भेजी गई शांति सेना के साथ एलटीटीई से बातचीत में भेजा गया था। परिवार के अनुसार, वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज था, लेकिन किसी कारण से बाद में सूची से हटा दिया गया। विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान जब बीएलओ उनके घर पहुंचे, तब परिवार को इस बारे में जानकारी मिली। परिवार ने आरोप लगाया कि पत्नी और बहुओं को फॉर्म दिया गया, लेकिन “डिलीटेड वोटर” होने के कारण शशिकांत को फॉर्म नहीं दिया गया। बाद में फॉर्म-6 भरवाने के प्रयास के बावजूद मोबाइल संदेश के जरिए आवेदन खारिज होने की सूचना मिली। जिला प्रशासन ने इस मामले की जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। पूर्व सैनिक की सेवा और देश के प्रति योगदान को देखते हुए उनकी मतदाता पहचान बहाल करने की उम्मीद जताई जा रही है।