नैहाटी नगरपालिका का घेराव कर कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

 Naihati Municipality Gheraoed: Employees Protest Over Unpaid Salaries & PF
नैहाटी पालिका भवन के सामने क्षोभ जताते अर्बन कर्मचारी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नैहाटी: बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र की नगर पालिकाओं में जारी प्रशासनिक और वित्तीय संकट अब सड़कों पर उतर आया है। भाटपारा में पार्षदों के इस्तीफे के बीच, गुरुवार को नैहाटी नगरपालिका में अर्बन (शहरी) कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। अपनी बकाया मांगों को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने नगरपालिका कार्यालय का घेराव किया और मुख्य द्वार के सामने बैठकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले कई महीनों से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। आर्थिक तंगी के कारण कर्मचारियों के सामने परिवार चलाने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वेतन में देरी के साथ-साथ कर्मचारियों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) और भविष्य निधि (PF) जैसी अत्यंत जरूरी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है।

वेतन और PF को लेकर फूटा आक्रोश

कर्मचारियों के मुताबिक, वे इस समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका प्रशासन को लिखित रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अधिकारियों की तरफ से केवल खोखले आश्वासन मिले और कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। इसी उदासीन रवैये से तंग आकर उन्हें आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे पूरे परिसर में तनाव फैल गया। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थानीय नैहाटी थाने की पुलिस के साथ केंद्रीय बल के जवानों ने मोर्चा संभाला। काफी देर तक चले इस हंगामे और प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in