चुनावी प्रशिक्षण के दौरान शिक्षक से मारपीट का आरोप

विज्ञापन के विरोध करने पर झूठे मामले में फंसाने की मिली धमकी !
Nadia: Teacher Assaulted During Election Training, Allegations of MCC Violation
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच नदिया जिले के राणाघाट में एक मतदान कर्मी (शिक्षक) के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना राणाघाट के देवीनाथ बॉयज इंस्टीट्यूट की है, जहाँ चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण चल रहा था।

एक विज्ञापन बना विवाद की जड़

आरोप है कि प्रशिक्षण सत्र शुरू होने से ठीक पहले स्क्रीन पर एक सरकारी विज्ञापन बार-बार दिखाया जा रहा था। आरोप है कि प्रशिक्षण ले रहे शिक्षक सैकत चट्टोपाध्याय और अन्य मतदान कर्मियों ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि विरोध करने पर बीडीओ कार्यालय से जुड़े एक व्यक्ति ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

शिक्षक के आरोपों का बीडीओ ने किया खारिज

पीड़ित शिक्षक सैकत चट्टोपाध्याय का दावा है कि विरोध करने के कुछ ही देर बाद कुछ बाहरी लोग प्रशिक्षण केंद्र में घुसे और उनके साथ जमकर मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें झूठे पुलिस केस में फंसाने की धमकी दी गई और इस पूरी घटना में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है।

दूसरी ओर, बीडीओ सायंतन बसु ने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि केवल मामूली बहस हुई थी, जिसे समय रहते सुलझा लिया गया। हालांकि, घटना के बाद नाराज मतदान कर्मियों ने केंद्र के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन किया और सुरक्षा पर सवाल उठाए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन इस घटना ने जिले के राजनीतिक तापमान को बढ़ा दिया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in