शादी समारोह से लौटते समय सड़क हादसे में महिला की मौत

Nadia Road Accident: Woman dies returning from wedding
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के शांतिपुर थाना अंतर्गत 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बाथना ब्रिज के पास हुई इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और चार साल का मासूम बच्चा बाल-बाल बच गए।

कैसे हुई घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांतिपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 5 के घोषपाड़ा निवासी सुरजीत घोष अपनी पत्नी पंपा घोष और अपने इकलौते चार वर्षीय पुत्र के साथ फुलिया में एक शादी समारोह में गए थे। रविवार देर रात जब वे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी बाथना ब्रिज के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरजीत और उनका बच्चा सड़क के किनारे गिर पड़े, लेकिन पंपा घोष सड़क के बीचों-बीच जा गिरीं। घातक वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह बुरी तरह कुचल गईं। आनन-फानन में उन्हें शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इलाके में शोक की लहर

एक पल में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे घोषपाड़ा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश जारी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in