नदिया: नवद्वीप में गैराज मालिक को चाकू मारा

भीड़ ने पुलिस पर किया हमला, दो कर्मी घायल!
Nadia: Garage owner stabbed in Navadwip
सांकेतिक फोटो nadia
Published on

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: नदिया जिले के नवद्वीप थाना अंतर्गत महेशगंज इलाके में रविवार रात को बाइक मरम्मत के पैसे के लेन-देन को लेकर एक बड़ा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके कारण इलाके में भारी तनाव फैल गया। इस दौरान गैराज मालिक पर चाकू से हमला किया गया, और आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

बाइक मरम्मत के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद गैराज मालिक विश्वजीत देबनाथ और मिथुन देबनाथ के बीच शुरू हुआ। आरोप है कि विश्वजीत देबनाथ ने मिथुन देबनाथ से बाइक की मरम्मत के एवज में 1700 रुपये मांगे थे। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और झगड़ा बढ़ गया।

आरोप है कि झगड़े के कुछ ही देर बाद मिथुन देबनाथ अपने कुछ साथियों को साथ लेकर विश्वजीत हालदार के गैराज पर हमला करने आ धमका। हमलावरों ने गैराज और आस-पास के कई घरों में जमकर तोड़फोड़ की और आतंक मचाया। इस दौरान, उन्होंने गैराज के मालिक विश्वजीत देबनाथ को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल विश्वजीत को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर किया हमला

इस हिंसक हमले और तोड़फोड़ की घटना से स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने विरोध जताते हुए नवद्वीप घाट-कृष्णनगर रोड को जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नवद्वीप थाने से भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

हालांकि, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और बाद में दो लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस द्वारा हमले के मुख्य अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त किया।

सोमवार को इस घटना के बाद भी महेशगंज इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और जल्द ही अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा सके।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in