निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया: पश्चिम बंगाल में चुनावी उत्साह के बीच नदिया जिले के गयेशपुर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बेंगलुरु से पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने घर लौटे 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
बेंगलुरु से मतदान के लिए आया था घर
मृतक की पहचान अनिकेत दे (20) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हुगली जिले के मोगरा का निवासी था। अनिकेत बेंगलुरु में एक प्रवासी श्रमिक के रूप में काम करता था। इस साल वह विशेष रूप से विधानसभा चुनाव में पहली बार वोट देने के उत्साह के साथ अपने राज्य लौटा था और गयेशपुर स्थित अपने मामा के घर रह रहा था।
पारिवारिक विवाद और संदिग्ध मौत
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात अनिकेत ने अपने दोस्तों के साथ शराब पी थी। देर रात जब वह घर लौटा, तो परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद के बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकल गया। सोमवार की सुबह घर के पीछे ही उसका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।
सूचना मिलते ही कल्याणी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनिकेत इस बार पहली बार मतदाता के रूप में लोकतंत्र के उत्सव में शामिल होने वाला था, लेकिन मतदान से पहले ही उसकी रहस्यमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।