निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। यहां एक 20 वर्षीय युवक पर अपनी ही 11 साल की मौसेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की बिगड़ी स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत मेडिकल जांच और इलाज के लिए कृष्णनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह बच्ची घर पर अकेली थी। उसके पिता खेत में काम करने गए थे और मां भी किसी काम से बाहर गई हुई थी। घर में मासूम को अकेला पाकर आरोपी मौसेरा भाई मफिजुल शेख (20) अंदर दाखिल हुआ और दरवाजा-खिड़कियां बंद कर उसके साथ दरिंदगी की। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
कृष्णनगर अस्पताल में पीड़िता भर्ती
स्थानीय निवासियों ने बिना देरी किए पीड़िता के परिजनों और भीमपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी मफिजुल को पास के एक बागान से खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी का आचरण पहले से ही संदिग्ध रहा है और वह पूर्व में भी चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।