नदिया में व्यवसायी की अस्वाभाविक मौत

लाखों रुपये के बकाया के कारण मानसिक तनाव से गुजर रहा था व्यक्ति
Nadia: Businessman's Body Found Near Railway Track in Chakdah, Murder or Suicide Suspected?
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के चकदाह थाना अंतर्गत सुकांत पल्ली इलाके में आज सुबह उस समय तनाव फैल गया, जब स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति का लहूलुहान शव देखा। मृतक की पहचान प्रमथ मंडल (42) के रूप में हुई है, जो चकदाह डाउन स्टेशन इलाके में मौसमी सामान (जैसे छाता, शीतकालीन कपड़े) का व्यापार करते थे।

सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने प्रमथ को घायल अवस्था में ट्रैक के पास पड़ा देखा, जबकि उनकी स्कूटी कुछ दूरी पर सड़क पर लावारिस हालत में पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही चकदाह जीआरपी (GRP) मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत चकदाह स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कल्याणी के जेएनएम (JNM) अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

₹16 लाख का बकाया और मानसिक तनाव

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, प्रमथ मंडल पिछले काफी समय से गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। आरोप है कि इलाके के ही एक व्यक्ति के पास उनके करीब 16 लाख रुपये बकाए थे, जो वह लौटा नहीं रहा था। इस वजह से प्रमथ अपने महाजन (लेनदार) का कर्ज भी नहीं चुका पा रहे थे और भारी वित्तीय संकट में थे।

पुलिस जांच और गहराता रहस्य

स्थानीय लोगों का सवाल है कि अगर स्कूटी सड़क पर ठीक-ठाक खड़ी/गिरी थी, तो प्रमथ रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे? पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे ट्रेन की टक्कर मान रही है, लेकिन बकाया पैसों के विवाद को देखते हुए रश्यास्पद मौत का मामला भी दर्ज किया गया है। राणाघाट जीआरपी थाना इस बात की जांच कर रही है कि यह वित्तीय तंगी के कारण की गई आत्महत्या है, कोई दुर्घटना है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in