राजस्थान में तैनात नदिया के जवान को दी गयी अंतिम विदाई

रात में पत्नी से बात, सुबह आई मौत की खबर
Nadia Army Jawan Kanai Sarkar Passes Away in Jodhpur Honored With Gun Salute
कानाई सरकार का फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के शांतिपुर में उस वक्त मातम छा गया, जब राजस्थान के जोधपुर में तैनात भारतीय सेना के जवान कानाई सरकार (45) का पार्थिव शरीर कफ़न में लिपटकर उनके पैतृक आवास 'बड़ जियापुर' पहुंचा। सोमवार को जब पार्थिव शरीर घर पहुंचा, तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। परिवार के अनुसार, शुक्रवार की रात कानाई सरकार ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। लेकिन शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे सेना की ओर से उनकी मौत की सूचना मिली। सेना ने बताया कि तड़के करीब 4 बजे जोधपुर स्थित क्वार्टर में अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई थी। उन्हें तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अचानक हुई इस घटना से परिवार स्तब्ध और शोकाकुल है। मौत की खबर मिलने के बाद परिजन जोधपुर गए और वहां से पार्थिव शरीर को शांतिपुर लाया गया। इसके बाद स्थानीय स्कूल मैदान में भारतीय सेना के जवानों ने उन्हें 'गन सैल्यूट' देकर पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। दिवंगत सेना अधिकारी अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, तीन बड़े भाई, पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। सेना की ओर से शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता और सरकारी नियमों के तहत सभी देय लाभ प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in