नदिया के हांसखाली से 7 बांलादेशी घुसपैठिये गिरफ्तार

तीन साल पहले दलालों के जरिये घुस आये थे भारत में
nadia
REP
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: शनिवार सुबह नदिया के हांसखाली पुलिस ने 7 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दलालों के जरिये बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रहे थे। शनिवार को ही अभियुक्तों को रानाघाट कोर्ट में पेश किया गया। पिछले महीने के अंत में कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे। भारत ने जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है। देश में पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों की तलाश फिर से तेज कर दी गई है। पिछले कुछ दिनों में नदिया और उत्तर 24 परगना के सीमावर्ती इलाकों में कई घुसपैठिए पकड़े गए हैं। शुक्रवार को हांसखाली पुलिस ने जहां एक बांग्लादेशी महिला को घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया था वहीं इसके दूसरे दिन शनिवार को थाना इलाके से ही 7 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि ये सातों लोग तीन साल पहले बांग्लादेश से सीमा पार कर भारत आए थे। बताया गया है कि इन्होंने फर्जी पहचान पत्र बनाकर विभिन्न स्थानों पर रहकर काम किया। सातों लोगों को शनिवार सुबह हांसखाली पुलिस स्टेशन के निकट इलाके में घूमते देखा गया। स्थानीय लोगों को उन पर संदेह हुआ जिसका पता चलते ही पुलिस वहां पहुंची और पूछताछ के बाद सातों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। बाद में पता चला कि उनका घर बांग्लादेश में है। वे दलालों के माध्यम से इस देश में आये और यहीं रहने लगे। वे इस दिन एक दलाल के माध्यम से घर लौटने की कोशिश कर रहे थे। सातों लोगों को उनकी असली पहचान उजागर होने के बाद ही गिरफ्तार किया गया। उन्हें सीमा पार भेजने की कोशिश कौन कर रहा था? पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in