

सन्मार्ग संवाददाता
नदिया: बांग्लादेश से सीमा पार कर वे नदिया की सीमा के माध्यम से देश में दाखिल हुए! फिर वे नाम और पहचान बदलकर गुजरात समेत कई जगहों पर गये हालांकि बांग्लादेश में अवैध रूप से वापसी की कोशिश उनकी नाकाम हो गयी। नदिया के धानतल्ला थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात 7 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया जो अवैध तरीके से बांग्लादेश जाने के फिराक में थे। अभियुक्तों में नाबालिग भी हैं। धानतल्ला थाने के बनबेरिया निरालापाड़ा इलाके से पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बुधवार को उन्हें रानाघाट कोर्ट में पेश किया। प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्तों ने घुसपैठ की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने बताया है कि वे बांग्लादेश के खुलना जिले के बटियाघाटा थाने के बलियाडांगी गांव के रहने वाले हैं। वे कई महीने पहले अवैध रूप से सीमा पार करके भारत आए थे। फिर वे गुजरात चले गए। वे वहां इमारत निर्माण के काम में लगे थे। हालांकि कई महीनों काम करने के बाद वे इस रास्ते ही बांग्लादेश वापस जाना चाहते थे। दलालों के माध्यम से देश लौटने की उनकी कोशिश थी मगर इसके पहले वे पुलिस के हत्थे चढ़ गये। अभियुक्तों के जरिये पुलिस दलालों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। रानाघाट जिला पुलिस ने बताया है कि गश्त जारी रहेगी। आने वाले दिनों में और कड़ी निगरानी रखी जाएगी।