किशोरी को ले जाया गया था थाना, अपमानित होने पर लगा ली फांसी !

स्कूल के बाद दोस्त के साथ कर रही थी बात, कुछ लोगों ने इस पर जतायी थी आपत्ति
nadia
REP
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

नदिया: नदिया के शांतिपुर थाना के गयेशपुर ग्राम पंचायत की निवासी किशोरी को परिवारवालों ने फंदे से झूलता पाया। आनन फानन में वे लोग उसे शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिवारवालों का आरोप है कि किशोरी को कुछ लोगों ने अपमानित किया था संभवतः इस कारण उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में शांतिपुर थाने की पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है। मृतका के परिवारवालों ने आरोप लगाया कि बुधवार को वह किशोरी स्कूल गयी थी। स्कूल के बाद घर लौटने के बजाय वह गयेशपुर अस्पताल से सटे एक मैदान में स्कूल के ही एक दोस्त के साथ बातचीत कर रही थी। यह देखकर स्थानीय कुछ लोगों ने इसे गलत तरीके से लिया और उसके साथ बुरा बर्ताव किया। जब उसने प्रतिवाद किया तो उन लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। बाद में पुलिस से सूचना मिलने के बाद उसके माता-पिता उसे पुलिस स्टेशन से घर ले आये। गुरुवार को वह स्कूल नहीं गयी हालांकि किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वह कुछ ऐसा कदम उठा लेगी। रोज की तरह ही इस दिन भी उसके पिता काम पर चले गये। मां खाना बना रही थी। इस बीच किशोरी ने कमरे में फांसी लगा ली। काफी समय तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो उन्होंने दरवाजा खोला तो उसे फंदे से झूलता पाया। मृतका के पिता ने कहा कि बेटी को पुलिस को सौंपा गया था, उसे आपत्तिजनक बातें कही गयी थीं जिससे वह खुद को अपमानित महसूस कर रही थी। शायद इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in