सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : अन्य राज्य में काम करने वाले प्रवासी श्रमिक को उसकी पत्नी के विवाहेतर संबंध के बारे में पता चला तो वह लौट आया। युवक ने अपने सोशल मीडिया पेज पर एक वीडियो पोस्ट करने के बाद शराब के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम साधन विश्वास है। यह घटना शांतिपुर थाने के गोबरचर इलाके में हुई। मिली जानकारी के अनुसार 37 वर्षीय साधन विश्वास काम के सिलसिले में लंबे समय से गैर राज्य में रहता था। वह शुक्रवार को घर लौट आया था। सभी ने उसे कल रात घर के अंदर पड़ा देखा। वे लोग उसे शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने साधन को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों और स्थानीय लोगों का प्राथमिक अनुमान है कि साधन ने शराब के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। साधन की मौत के बाद उसके सोशल मीडिया पर देखा गया कि उसने आत्महत्या करने से पहले कई वीडियो अपलोड किए जिसमें वह कह रहा है कि उसकी पत्नी का एक युवक के साथ विवाहेतर संबंध है। युवक का नाम बताते हुए उसने वीडियो संदेश में कहा है कि तुमने मेरे परिवार को बर्बाद कर दिया है। मैं तुम्हारी वजह से आत्महत्या कर रहा हूं। तुम दोनों एक दूसरे से प्यार करते हो। मैं नहीं चाहता कि तुम्हें सजा मिले। मैं चाहता हूं कि तुम मेरी पत्नी के साथ खुशहाल जीवन जियो। उसका इस्तेमाल करके छोड़ मत देना।" साधन ने वीडियो संदेश में कहा कि उसके पास आत्महत्या करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था। उसने वीडियो के जरिए दोनों को स्वस्थ रहने का संदेश भी दिया। साधन का एक बेटा और एक बेटी है। अगर बच्चों से उन्हें कोई परेशानी है तो उन्हें अनाथालय में छोड़ने की बात साधन ने वीडियो में कही है। मृतक की पत्नी का दावा है कि उसे नहीं पता था कि उसका पति घर लौट आया था। उसने पति के लगाये गये आरोपों से भी इनकार किया है। उसका आरोप है कि उसके पति का विवाहेतर संबंध था। उसका यह भी दावा है कि यह वीडियो पुराने हैं। शांतिपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति की मौत कैसे हुई। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।