ससुराल में युवक का फंदे से झूलता शव मिला

परिवार ने जतायी हत्या की आशंका
nadia
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया के हरिनघाटा के मोल्लाबेलिया ग्राम पंचायत के दासदिया दासपाड़ा में अपनी ससुराल में गये शुभेंदु साहा (33) का सोमवार को फंदे से झूलता शव बरामद किया गया। शुभेंदु मुख्य रूप से हावड़ा के दासनगर इलाके का रहने वाला है। शुभेंदु की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया था या फिर उसने किसी कारण से फांसी लगायी है। पुलिस इन दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसके लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया गया है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी वजह से उसकी पत्नी हावड़ा स्थित अपनी ससुराल घर छोड़कर अपने दो बच्चों के साथ हरिनघाटा में अपने पिता के घर रह रही थी। बताया जाता है कि शुभेंदु साहा अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए कभी-कभार ससुराल जाता था। रविवार को वह अपनी ससुराल गया था। उसने रात में पूरे परिवार के साथ खाना खाया और वहीं रुक गया। ससुरालवालों ने बताया कि सोमवार की सुबह वह कमरे में नहीं दिखा। उन्होंने जब तलाश की तो देखा कि शुभेंदु सीढ़ियों के पास फंदे से झूल रहा था। उसके गले में गमछा बंधा था। उन्होंने शुभेंदु के परिवारवालों के साथ ही पुलिस को इसकी जानकारी दी। वहां से उसे कल्याणी के जेएनएम अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने शुभेंदु साहा को मृत करार किया। शुभेंदु के परिवारवालों का आरोप है कि शुभेंदु के साथ ऐसी कोई स्थिति नहीं थी जिस कारण वह आत्महत्या कर ले। उनका आरोप है कि इसके पहले वह रात में ससुराल में कभी नहीं रुका था। उन्होंने शुभेंदु की हत्या की आशंका जतायी है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in