

ईरान के नए सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei की सेहत को लेकर रहस्य और गहरा गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा है कि उन्हें लगता है कि खामेनेई “किसी न किसी रूप में जिंदा हैं”, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं।
ट्रंप ने यह टिप्पणी Fox News रेडियो के ब्रायन किल्मीड शो में बातचीत के दौरान की। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वह शायद जिंदा हैं। वह घायल हो सकते हैं, लेकिन संभवतः किसी न किसी रूप में जीवित हैं।” यह इंटरव्यू गुरुवार को रिकॉर्ड किया गया था और शुक्रवार सुबह प्रसारित होना था।
दरअसल, अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि फरवरी के अंत में तेहरान स्थित एक परिसर पर हुए अमेरिका-इजरायल हमले में मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हमले में उनके पिता और ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की मौत हो गई थी।
मोजतबा खामेनेई कोमा में?
ब्रिटिश अखबार The Sun की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में 56 वर्षीय मौलवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने कम से कम एक पैर भी खो दिया है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि उनके पेट या लीवर को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। इस हमले में उनकी पत्नी, एक बहन और भतीजी की भी मौत हो गई थी।
इस बीच, ईरान के एक राजनयिक ने भी संकेत दिया कि मोजतबा खामेनेई युद्ध की शुरुआत में हुए हमलों में घायल हुए थे। ईरानी राजदूत Alireza Salarian ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि खामेनेई के पैर, हाथ और बाजू में चोटें आई हैं और संभवतः उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हालांकि इन अटकलों के बीच मोजतबा खामेनेई ने पद संभालने के बाद पहली बार एक सार्वजनिक संदेश जारी किया। अपने संबोधन में उन्होंने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ईरान अपने “शहीदों के खून का बदला लेने से पीछे नहीं हटेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को Strait of Hormuz को बंद करने और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार करना चाहिए।
हालांकि अब तक मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। उनका हालिया संदेश भी न तो टीवी पर प्रत्यक्ष रूप से दिया गया और न ही वीडियो के जरिए जारी हुआ, जिससे उनकी सेहत को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।