डोमजूड़ में युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत

Mysterious Death of Youth in Domjur Howrah Body Found Hanging
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के डोमजूड़ थाना अंतर्गत प्रशस्त साहापाड़ा इलाके में शनिवार को झाड़ियों के बीच एक युवक का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही डोमजूड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय उन्होंने इलाके में कुछ अज्ञात युवकों को बदहवास हालत में दौड़ते हुए देखा था। इसके बाद जब लोग उस जगह पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। जमीन पर खून बिखरा हुआ था और पास ही खून से सनी कांच की बोतल भी पड़ी मिली। वहां से कुछ ही दूरी पर युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटकाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के हाथ और पेट पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मृतक युवक की पहचान जुटाने में लगी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ-साथ मामले की गहन जांच कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in