मुंबई आतंकी हमले में बचा ‘बेबी मोशे’ ले रहा है रब्बी बनने की शिक्षा

इच्छा अपने पिता की तरह रब्बी बनने की
मुंबई में 26.11.2008 को हुए पाक आतंकी  हमलों की एक भयावह तस्वीर
मुंबई में 26.11.2008 को हुए पाक आतंकी हमलों की एक भयावह तस्वीर
Published on: 

मुंबई : मुंबई में 2008 के नरीमन हाउस आतंकी हमले में बचा इजराइली बालक मोशे होल्ट्जबर्ग इन दिनों न्यूयॉर्क में रब्बी बनने की धार्मिक शिक्षा ले रहे हैं और उनकी इच्छा अपने पिता की तरह रब्बी बनने की है।

मुंबई हमले में अपने माता-पिता को खोने वाले मोशे ‘बेबी मोशे’ के नाम से लोकप्रिय हैं। नरीमन हाउस के प्रभारी रब्बी इजराइल कोजलोवस्की ने बताया कि उनकी 2 सप्ताह पहले न्यूयॉर्क में आयोजित रब्बियों के एक सम्मेलन में मोशे से मुलाकात हुई थी। नरीमन हाउस उन जगहों में से एक है, जिन्हें 26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने निशाना बनाया था।

कोजलोवस्की ने कहा, ‘इस सम्मेलन में दुनियाभर के 4,000 से 5,000 रब्बियों ने हिस्सा लिया था और मोशे भी वहां मौजूद था।’ इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर एक तस्वीर दिखाई, जिसमें मोशे पारंपरिक पोशाक में अन्य रब्बियों के साथ नजर आ रहे हैं। रब्बी यहूदी धर्म का आध्यात्मिक नेता, धार्मिक शिक्षक और धर्मशास्त्र का विद्वान होता है।

मुंबई हमले के वक्त 2 साल के रहे ‘बेबी मोशे’ तस्वीर में अब 20 साल के युवक के रूप में दिखाई दे रहे हैं। हमले के बाद उनके लगातार रोते हुए फुटेज ने दुनियाभर का ध्यान खींचा था और लाखों लोगों को भावुक कर दिया था। कोजलोवस्की ने बुधवार को कहा, ‘वह फिलहाल न्यूयॉर्क में रब्बी बनने की पढ़ाई कर रहा है और रब्बी बनना चाहता है। उम्मीद है कि वह भारत लौटेगा। हमारी यही आशा है।’

मोशे के माता-पिता रब्बी गैब्रियल होल्ट्जबर्ग और उनकी मां रिवका होल्ट्जबर्ग की आतंकवादियों द्वारा चबाड हाउस पर हमले के दौरान हत्या कर दी गई थी। यह मुंबई के यहूदी समुदाय की गतिविधियों का केंद्र था। मोशे की आया सैंड्रा सैमुअल ने उसे इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला और वहां से लेकर भाग गईं। बाद में मोशे अपने दादा-दादी के साथ रहने के लिए इजराइल चला गया। उसने 2018 में आखिरी बार इजराइल के तत्कालीन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ नरीमन हाउस का दौरा किया था। फिलहाल नरीमन हाउस की इमारत में नवीनीकरण का काम चल रहा है और इसे हरे रंग के सुरक्षा जाल से ढका गया है। इस वजह से बाहर से इसकी पहचान करना मुश्किल है। हालांकि, यहां इसके एक प्रमुख स्थल होने का एकमात्र संकेत इसका लोहे का दरवाजा है, जो आमतौर पर दूतावासों के प्रवेश द्वार पर देखने को मिलता है।

कोजलोवस्की ने कहा, ‘26 नवंबर, 2008 तक यह जगह मुख्य रूप से भारत और विदेशों से आने वाले यहूदी समुदाय के लोगों के लिए एक केंद्र के रूप में काम करती थी। बाद में इसके एक हिस्से को संग्रहालय में बदलने और इस जगह को शांति के प्रतीक के रूप में विकसित करने का फैसला किया गया।’ उन्होंने कहा, ‘आप आतंकवादियों को अपनी जिंदगी की दिशा तय करने और उसे नियंत्रित करने की इजाजत नहीं दे सकते। इसलिए हमें अपने दरवाजे खोलने होंगे।’ रब्बी ने बताया कि इमारत की छह मंजिलों में से तीन का इस्तेमाल चबाड हाउस की गतिविधियों के लिए किया जाएगा, जबकि बाकी तीन मंजिलों और भूतल को संग्रहालय तथा स्मारक में तब्दील किया जाएगा। इस स्मारक के जरिए यहां हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

कोजलोवस्की ने कहा, ‘स्कूली बच्चे भी यहां आ सकेंगे।’ उन्होंने बताया कि इसके लिए धन जुटाने का काम शुरू हो चुका है और निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा होने की उम्मीद है। कोजलोवस्की ने बताया कि 26/11 हमले की बरसी के मौके पर यहां चबाड हाउस में सामुदायिक प्रार्थना का आयोजन किया गया है। बृहस्पतिवार को कई प्रतिनिधिमंडलों के भी यहां पहुंचने की उम्मीद है। कोजलोवस्की ने रब्बी चानोक गेख्तमैन की जगह ली थी, जिन्होंने गैब्रियल होल्ट्जबर्ग के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। यरुशलम के रहने वाले कोजलोवस्की 2012 से नरीमन हाउस की गतिविधियों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

नरीमन हाउस से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर लियोपोल्ड कैफे स्थित है। यह भी 26/11 आतंकी हमलों के दौरान निशाना बनाए गए प्रमुख स्थानों में से एक था। विदेशी पर्यटकों के बीच लोकप्रिय इस मशहूर कैफे में हमले के बाद मरम्मत का काम कराया गया था। बुधवार दोपहर यहां स्थानीय लोगों और विदेशी पर्यटकों की काफी चहल-पहल थी। कैफे इस त्रासदी से आगे बढ़ चुका है और वहां के कर्मचारी इस बारे में बात करने से बचते हैं, लेकिन यहां आने वाले लोग इसके इतिहास से अनजान नहीं हैं। भारत घूमने आईं हंगरी की नागरिक ट्रिश ने कहा, ‘मुझे यहां का खाना पसंद है।’ जूस पीते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें इस कैफे पर हुए आतंकी हमले के बारे में जानकारी इंटरनेट से मिली थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News