

हैदराबादः हैदराबाद के पास मोइनाबाद में एक फार्महाउस पर मादक पदार्थों के कथित इस्तेमाल को लेकर की गई छापेमारी के बाद तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के आंध्र प्रदेश से सांसद पुट्टा महेश यादव और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी सहित 11 लोगों को हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जांच रिपोर्ट में रोहित रेड्डी के कथित रूप से मादक पदार्थों का सेवन करने की पुष्टि हुई है जबकि सांसद की जांच के परिणाम में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में से एक ने पुलिस दल को देखकर तीन गोलियां चलाईं। यह फार्महाउस रोहित रेड्डी का है।
उन्होंने बताया कि पार्टी में मादक पदार्थों का इस्तेमाल किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिलने पर मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन के लिए विशिष्ट कार्य बल (ईगल) और एक पुलिस दल ने शनिवार रात छापा मारा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पार्टी में रियल एस्टेट कारोबारी, व्यवसायी और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल लोगों में एक महिला भी शामिल थी। पुलिस ने बताया कि हथियार को जब्त कर लिया गया है और जांच जारी है।