

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट ने विद्यार्थियों में पर्यावरण जागरूकता और प्रैक्टिकल नॉलेज बढ़ाने के लिए 'नेशनल स्टूडेंट एनवायरनमेंटल कॉम्पिटिशन 2026' में स्कूलों की सक्रिय भागीदारी का फैसला किया है। इस संबंध में एक आधिकारिक नोटिफिकेशन राज्य के सभी जिलों के सेकेंडरी और प्राइमरी स्कूलों के डिस्ट्रिक्ट स्कूल इंस्पेक्टर्स (DIs) को भेज दिया गया है। निर्देशों के मुताबिक, DIs को अपने क्षेत्र के सभी स्कूलों तक इसकी जानकारी समय पर पहुंचाकर छात्र-छात्राओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। यह ऑल-इंडिया कॉम्पिटिशन केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए राज्य के सभी जिलाधिकारियों और डिस्ट्रिक्ट एजुकेशन ऑफिसर्स को समन्वय के साथ आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को पर्यावरण जैसे अहम मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाना है। सरकार को पूरी उम्मीद है कि जिला स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार होने से राज्य के अधिक से अधिक छात्र इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेंगे।