

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) के पूर्वी हिस्से में स्थित रूबाया कोल्टन खदान में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डीआरसी के खान मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में लगभग 70 बच्चे भी शामिल हैं। कई घायल लोगों को उत्तरी किवु प्रांत की राजधानी गोमा के अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचाया गया है।
हालांकि, खदान पर नियंत्रण रखने वाले एम23 विद्रोही समूह की एक वरिष्ठ अधिकारी फैनी काज ने सरकारी आंकड़ों को चुनौती दी है। उन्होंने दावा किया कि यह घटना भूस्खलन के कारण नहीं बल्कि “बमबारी” के कारण हुई और इसमें केवल पांच लोगों की मौत हुई है। काज ने कहा, “मैं पुष्टि कर सकती हूं कि जो आंकड़े सामने आ रहे हैं वे सही नहीं हैं। यहां कोई भूस्खलन नहीं हुआ, बल्कि बमबारी हुई थी।”
दूसरी ओर, खदान में काम करने वाले एक मजदूर इब्राहिम तालुसेके ने बताया कि उन्होंने खुद घटनास्थल से 200 से अधिक शवों को निकालने में मदद की है। उन्होंने कहा, “हम डरे हुए हैं, लेकिन यहां लोगों की जान खतरे में है। खदान के मालिक वास्तविक मृतकों की संख्या उजागर नहीं होने देना चाहते।”
रॉयटर्स के अनुसार, एएफसी (कांगो रिवर अलायंस) और रवांडा समर्थित एम23 समूह के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 2024 से यह खदान उनके नियंत्रण में है और हाल के दिनों में हुई भारी बारिश के कारण यह हादसा हुआ।
अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र को सुरक्षित करने और खनिकों की सुरक्षा के उपाय लागू होने तक खदान में काम रोकने की सलाह दी गई है।