बंगाल में जल्द दस्तक देगा मॉनसून, उमस से मिलेगी राहत!

फिलहाल कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में बढ़ेगी गर्मी
बंगाल में जल्द दस्तक देगा मॉनसून, उमस से मिलेगी राहत!
Published on

उत्तर बंगाल में तेज बारिश, दक्षिण में उमस बरकरार

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भीषण उमस और चिपचिपी गर्मी से परेशान बंगालवासियों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही बंगाल में भी दस्तक दे सकता है। फिलहाल मॉनसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच चुका है और बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने अभी तक बंगाल में मॉनसून के प्रवेश की सटीक तारीख घोषित नहीं की है। शनिवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 60 से 94 प्रतिशत के बीच बना रहा।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रविवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरदुआर समेत सभी 8 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही अलीपुरदुआर जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भी तेज बारिश हो सकती है। सोमवार तक उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

दक्षिण बंगाल में फिलहाल राहत नहीं

दक्षिण बंगाल में अभी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पूर्व मिदनापुर में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार यानी आज से गुरुवार तक दक्षिण बंगाल में तापमान और बढ़ सकता है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा कहीं-कहीं क्यूम्युलोनिम्बस बादल बनने से अचानक आंधी और बारिश हो सकती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in