

उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दक्षिण बंगाल में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन फिलहाल लोगों को भारी बारिश का इंतजार करना पड़ सकता है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसूनी सिस्टम अभी इतना मजबूत नहीं हुआ है कि पूरे क्षेत्र में व्यापक वर्षा हो सके। ऐसे में स्थानीय स्तर पर गरज वाले बादलों के बनने के कारण ही कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिलेगी। हालांकि, इससे उमस भरी गर्मी से तुरंत राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
दक्षिण बंगाल में क्यों नहीं हो रही जोरदार बारिश?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मॉनसून के पहुंचने के बावजूद अभी तक अनुकूल मौसमीय परिस्थितियां पूरी तरह विकसित नहीं हुई हैं। यही वजह है कि कई क्षेत्रों में अपेक्षित स्तर पर वर्षा नहीं हो रही है और बारिश की गतिविधियां सीमित बनी हुई हैं। अगले 2 से 3 दिनों तक दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में हल्की और छिटपुट बारिश की संभावना जताई जा रही है। कोलकाता में भी रविवार को आसमान में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। रविवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ज्यादा रहा।
पुरुलिया समेत कई इलाकों में बढ़ेगा मॉनसून का असर
पुरुलिया के कुछ हिस्सों में अभी मॉनसून पूरी तरह नहीं पहुंचा है। अगले कुछ दिनों में यह क्षेत्र भी मॉनसून की चपेट में आ जाएगा। साथ ही झारखंड, बिहार और ओडिशा के शेष हिस्सों में भी मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। इससे पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं दक्षिण बंगाल के विपरीत उत्तर बंगाल में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और लगातार बारिश की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण बंगाल में भी कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश देखने को मिलेगी, लेकिन व्यापक और भारी वर्षा की संभावना फिलहाल कम है।