बंगाल में फिर सक्रिय हुआ मानसून, सोमवार तक येलो अलर्ट

बंगाल में 72 घंटे भारी बारिश, कई जिलों में अलर्ट
बंगाल में फिर सक्रिय हुआ मानसून, सोमवार तक येलो अलर्ट
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता सहित पूरे पश्चिम बंगाल में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को भी राज्य के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से हल्की राहत तो मिली है, लेकिन लगातार हो रही मानसूनी गतिविधियों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। अलीपुर मौसम कार्यालय ने बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए कम दबाव के क्षेत्र के चलते आने वाले दिनों में मौसम के और अधिक बिगड़ने की चेतावनी जारी की है।

मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर अगले कुछ दिनों तक लगातार जारी रहेगा और आज से सोमवार यानी अगले 72 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल के जिलों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली और दोनों 24 परगना में शनिवार से सोमवार के बीच गरज-चमक के साथ मूसलधार बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में आज भी आंशिक बारिश के बाद कल से तीव्र बौछारें पड़ने की उम्मीद है। दूसरी ओर, उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, हालांकि रविवार के बाद यहां मौसम में काफी सुधार होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा तट पर बन रहे चक्रवाती परिसंचरण के कारण समुद्री गतिविधियां बेहद खतरनाक हो चुकी हैं। तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सभी मछुआरों को रविवार और सोमवार को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in