

नई दिल्ली : देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुंचने के साथ ही कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक देश के 24 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। केरल के अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।
वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी ने राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है, जबकि दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।